भारत सरकार ने देश में सुधारों व विकास को गति देने हेतु सुधारों और संवृद्धि के लिए वैश्विक सूचकांक (GIRG) पहल शुरू की।
सुधारों और संवृद्धि के लिए वैश्विक सूचकांक (GIRG) फ्रेमवर्क के बारे में
- उद्देश्य: यह चुनिंदा वैश्विक सूचकांकों पर भारत के प्रदर्शन की निगरानी करेगा। इससे कमियों की पहचान की जा सकेगी और साक्ष्य-आधारित सुधारों का मार्गदर्शन किया जा सकेगा।
- कवरेज: यह चार व्यापक विषयवस्तुओं (अर्थव्यवस्था, विकास, शासन और उद्योग) से संबंधित 26 वैश्विक सूचकांकों पर नजर रखेगा। ये सूचकांक 16 अंतर्राष्ट्रीय एजेंसियों द्वारा प्रकाशित किए जाते हैं।
- कार्यान्वयन: 17 नोडल मंत्रालयों को विशिष्ट सूचकांक सौंपे गए हैं।
- नीति आयोग का विकास निगरानी और मूल्यांकन कार्यालय (DMEO) डेटा गुणवत्ता की जांच, कार्यप्रणाली की समीक्षा तथा सुधार कार्यान्वयन में समन्वयक की भूमिका निभाएगा।
- महत्त्व:
- यह पारदर्शिता बढ़ाएगा;
- नीति निर्माण को मजबूत करेगा;
- भारत की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ावा देगा; और
- सहकारी एवं प्रतिस्पर्धी संघवाद का समर्थन करेगा।
असम विधानसभा ने बहुविवाह निषेध विधेयक, 2025 पारित किया।
- इस विधेयक में दूसरी शादी करने पर 10 साल तक की कैद सहित कठोर सजा का प्रावधान किया गया है।
बहुविवाह के बारे में
- इसका अर्थ है विवाह की एक ऐसी व्यवस्था, जिसमें एक व्यक्ति के एक से अधिक जीवनसाथी होते हैं।
- यह दो प्रकार का हो सकता है:
- बहुपत्नीत्व (Polygyny): इसमें एक पुरुष एक से अधिक स्त्रियों से विवाह करता है।
- बहुपतित्व (Polyandry): इसमें एक स्त्री एक से अधिक पुरुषों से विवाह करती है।
- हिंदू विवाह अधिनियम, 1955 में द्विविवाह के लिए सजा का प्रावधान किया गया है।
- भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 82 पति या पत्नी के जीवनकाल में दोबारा शादी करने से संबंधित है। इसके लिए सात साल तक की कैद और जुर्माना हो सकता है।
नागर विमानन मंत्रालय ने दिल्ली और कई अन्य प्रमुख हवाई अड्डों पर GPS स्पूफिंग की पुष्टि की।
GPS स्पूफिंग के बारे में
- इसे GPS सिमुलेशन भी कहा जाता है। यह भ्रामक GPS सिग्नल प्रसारित करके GPS रिसीवर में हेरफेर या उसे धोखा देने की प्रक्रिया को संदर्भित करता है।
- यह GPS रिसीवर को यह विश्वास दिलाकर गुमराह करता है कि लोकेशन किसी और जगह की है। इसके परिणामस्वरूप, डिवाइस गलत लोकेशन डेटा प्रदान करता है।
- इस प्रकार का साइबर हमला GPS डेटा की विश्वसनीयता को कमजोर करता है। GPS डेटा नेविगेशन से लेकर टाइम सिंक्रोनाइजेशन आदि तक के विभिन्न अनुप्रयोगों के लिए महत्वपूर्ण है।
अभ्यास एकुवेरिन का 14वां संस्करण केरल के तिरुवनंतपुरम में आयोजित किया जा रहा है।
अभ्यास एकुवेरिन के बारे में
- यह भारतीय थल सेना और मालदीव नेशनल डिफेंस फोर्स के बीच एक वार्षिक द्विपक्षीय संयुक्त सैन्य अभ्यास है।
- उत्पत्ति: धिवेही भाषा में "एकुवेरिन" का अर्थ "मित्र" होता है। यह अभ्यास 2009 में शुरू हुआ था। इसका आयोजन भारत और मालदीव में बारी-बारी से किया जाता है।
- मुख्य उद्देश्य:
- उग्रवाद और आतंकवाद-रोधी अभियानों में आपसी समन्वय को बढ़ाना;
- मानवीय सहायता और आपदा राहत अभियान संयुक्त रूप से संचालित करना; तथा
- अर्ध-शहरी, जंगली एवं तटीय इलाकों में अभियानों का अभ्यास करना।
पहल (PAHAL) या एलपीजी के लिए प्रत्यक्ष लाभ अंतरण योजना दक्षता, पारदर्शिता और उपभोक्ता-केंद्रित सुधार प्रदान करती है।
पहल (PAHAL) योजना के बारे में
- प्रारंभ: 2013 में
- मंत्रालय: पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय।
- उद्देश्य:
- यह सुनिश्चित करना कि घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए एलपीजी वितरण और सब्सिडी अंतरण कुशल, पारदर्शी व समावेशी हो।
- सब्सिडी वाले एलपीजी के व्यावसायिक उपयोग पर रोक लगाना।
- प्रक्रिया: सभी घरेलू एलपीजी सिलेंडर एक समान खुदरा विक्रय मूल्य (RSP) पर बेचे जाते हैं। एलपीजी उपभोक्ताओं को मिलने वाली सब्सिडी सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की जाती है।
Article Sources
1 sourceभारतीय थल सेना ने ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल का सफलतापूर्वक लड़ाकू प्रक्षेपण किया।
ब्रह्मोस मिसाइल के बारे में
- यह दो-चरणीय सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल है। इसके पहले चरण में ठोस प्रणोदक बूस्टर इंजन और दूसरे चरण में तरल रैमजेट इंजन है।
- इसकी रेंज 290 किलोमीटर तक सीमित है।
- इसकी क्रूजिंग ऊंचाई 15 किमी तक और टर्मिनल ऊंचाई 5 मीटर तक हो सकती है।
- यह 200 किलोग्राम तक के पारंपरिक वारहेड्स ले जा सकती है।
- विशेषताएं:
- सतह पर हमला करने की और पोत-रोधी क्षमताओं से युक्त;
- दागो और भूल जाओ सिद्धांत पर संचालित होती है;
- बड़ा संलग्न आवरण;
- परिवहन-सह-प्रक्षेपण कनस्तर;
- न्यूनतम तैनाती समय आदि।
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने केरल अवसंरचना निवेश कोष बोर्ड (KIIFB) द्वारा जारी 'मसाला बॉण्ड' की जांच की।
मसाला बॉण्ड क्या है?
- मसाला बॉण्ड रुपये-मूल्यवर्ग वाले बॉण्ड्स होते हैं। इन्हें भारतीय कंपनियां धन जुटाने के लिए विदेशी खरीदारों हेतु जारी करती हैं।
- इन्हें भारत में 2014 में अंतर्राष्ट्रीय वित्त निगम (IFC) ने प्रस्तुत किया था।
- पात्रता: वित्तीय कार्रवाई कार्य बल (FATF) के अनुपालक क्षेत्राधिकार वाला कोई भी निवेशक निवेश करने के लिए पात्र होता है।
- लाभ: मसाला बॉण्ड्स जारीकर्ताओं को मुद्रा विनिमय से जुड़े जोखिम से बचाने और इन बॉण्ड्स को खरीदने वाले निवेशकों पर मुद्रा विनियम से जुड़े जोखिम स्थानांतरित करने का एक प्रयास है।
दूरसंचार विभाग (DoT) ने स्मार्टफोन निर्माताओं को नए उपकरणों में संचार साथी ऐप पहले से इंस्टॉल करने का आदेश दिया।
संचार साथी मोबाइल ऐप के बारे में
- इसे पारदर्शी और सुरक्षित मोबाइल सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए 2025 में लॉन्च किया गया था।
- मुख्य विशेषताएं:
- चक्षु: यह उपयोगकर्ताओं को कॉल, SMS या व्हाट्सएप पर प्राप्त धोखाधड़ी के संदेहास्पद संचार को रिपोर्ट करने की सुविधा प्रदान करता है, जैसे कि KYC के एक्सपायर होने या बैंक खाते का अपडेट होने का झांसा देना।
- IMEI ट्रैकिंग और ब्लॉकिंग: भारत में कहीं भी खोए या चोरी हुए फोन को ट्रैक व ब्लॉक करने की अनुमति देता है।
- अपने मोबाइल हैंडसेट की प्रामाणिकता जानें: यह सत्यापित करने का एक आसान तरीका प्रदान करता है कि खरीदा गया मोबाइल उपकरण असली है या नहीं।
- भारतीय नंबरों से अंतर्राष्ट्रीय कॉल की रिपोर्टिंग: नागरिकों को +91 (कंट्री कोड के बाद 10 अंक) से शुरू होने वाले नंबरों से घरेलू कॉल के रूप में छद्म अंतर्राष्ट्रीय कॉल की रिपोर्ट करने की सुविधा देता है।
- अपने इंटरनेट सेवा प्रदाता को जानें: उपयोगकर्ताओं को पिन कोड, पता या ISP नाम दर्ज करके पूरे भारत में इंटरनेट सेवा प्रदाताओं के विवरण की जांच करने की सुविधा देता है।
कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, भारत इजरायल से अतिरिक्त हेरॉन एमके-II ड्रोन खरीदने की योजना बना रहा है। साथ ही, इसके भारत में ही निर्माण के लिए वार्ता भी चल रही है।
हेरॉन एमके-II के बारे में
- निर्माता: इजरायल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज (IAI)।
- श्रेणी: मीडियम एल्टीट्यूड लॉन्ग एंड्योरेंस (MALE) मानव रहित हवाई वाहन (UAV) है। इसका उपयोग खुफिया जानकारी जुटाने, निगरानी करने और टोही कार्यों के लिए किया जाता है।
- उड़ान क्षमता: 35,000 फीट की ऊंचाई तक और 150 नॉट की गति से उड़ सकता है। साथ ही, लगातार 45 घंटे तक हवा में उड़ान भरे (Endurance) रह सकता है।
- क्षमताएं: उन्नत सेंसर, संचार आसूचना पैकेज और उपग्रह संचार सहायता से युक्त है। इन विशेषताओं के साथ यह लंबी दूरी के और लाइन ऑफ़ साइट से परे मिशनों को सक्षम बनाता है।