प्रधान मंत्री ने कहा है कि पूर्वोत्तर क्षेत्र, आसियान के साथ रणनीतिक व्यापार के लिए सेतु और प्रवेश द्वार के रूप में उभर रहा है | Current Affairs | Vision IAS
News Today Logo

प्रधान मंत्री ने कहा है कि पूर्वोत्तर क्षेत्र, आसियान के साथ रणनीतिक व्यापार के लिए सेतु और प्रवेश द्वार के रूप में उभर रहा है

Posted 26 May 2025

12 min read

प्रधान मंत्री ने पूर्वोत्तर भारत की रणनीतिक अवस्थिति के महत्व को रेखांकित करते हुए, इस क्षेत्र के समग्र विकास के लिए एक नीतिगत रूपरेखा के रूप में ईस्ट/EAST (एम्पावर, एक्ट, स्ट्रेंथ और ट्रांसफॉर्म) विजन प्रस्तुत किया है।

पूर्वोत्तर भारत का रणनीतिक महत्व

  • क्षेत्रीय कनेक्टिविटी: पूर्वोत्तर क्षेत्र भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी को मजबूत करते हुए दक्षिण-पूर्व एशिया के लिए एक गेटवे (द्वार) के रूप में काम करता है।
    • उदाहरण के लिए, भारत-म्यांमार-थाईलैंड त्रिपक्षीय राजमार्ग और कलादान मल्टी-मॉडल ट्रांजिट ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट जैसी प्रमुख परियोजनाएं क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बढ़ा रही हैं।
  • आर्थिक एकीकरण: अरुणाचल प्रदेश में सेला सुरंग और असम में नया सेमीकंडक्टर प्लांट जैसी स्थानीय अवसंरचना परियोजनाएं तेजी से विकसित हो रही हैं। इन पहलों के माध्यम से पूर्वोत्तर क्षेत्र भारत-आसियान व्यापार को अगले दशक में वर्तमान 125 बिलियन डॉलर से बढ़ाकर 200 बिलियन डॉलर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
  • सुरक्षा: पूर्वोत्तर भारत के राज्यों की सीमा चीन, बांग्लादेश, म्यांमार और भूटान से लगती है, जो इसे राष्ट्रीय सुरक्षा का फ्रंटलाइन क्षेत्र बनाता है।
    • उदाहरण के लिए, सिलीगुड़ी कॉरिडोर (चिकन नेक) पूर्वोत्तर को शेष भारत से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण क्षेत्र है।
  • अन्य: प्रधान मंत्री ने पूर्वोत्तर के आठ राज्यों को “अष्ट लक्ष्मी” (देवी लक्ष्मी के आठ रूप) कहा है। साथ ही, उन्होंने इस क्षेत्र को जैव-अर्थव्यवस्था, बांस, चाय उत्पादन, पेट्रोलियम, खेल और इको-पर्यटन जैसे कुछ क्षेत्रों के लिए एक उभरता हुआ केंद्र भी कहा है।

पूर्वोत्तर भारत की कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए प्रमुख क्षेत्रीय पहल

  • बिम्सटेक (BIMSTEC): 1997 में बैंकॉक घोषणा-पत्र के तहत स्थापित यह संगठन पूर्वोत्तर भारत को बांग्लादेश, म्यांमार और थाईलैंड जैसे पड़ोसी देशों से जोड़ने में अहम भूमिका निभाता है।
  • मेकांग-गंगा सहयोग (MGC): इसे वर्ष 2000 में शुरू किया गया था। यह पर्यटन, संस्कृति, शिक्षा आदि के क्षेत्र में सहयोग के लिए 6 देशों - भारत, कंबोडिया, लाओस, म्यांमार, थाईलैंड और वियतनाम - की एक पहल है।
  • बांग्लादेश, भूटान, भारत, नेपाल (BBIN) मोटर वाहन समझौता: इस समझौते पर 2015 में हस्ताक्षर किए गए थे। यह पूर्वोत्तर भारत समेत क्षेत्र में निर्बाध सीमा-पार परिवहन और मजबूत क्षेत्रीय आपूर्ति श्रृंखलाओं के विकास को बढ़ावा देता है।
  • Tags :
  • बिम्सटेक
  • पूर्वोत्तर क्षेत्र
  • दक्षिण-पूर्व एशिया के लिए एक गेटवे
  • चिकन नेक
  • अष्ट लक्ष्मी
Watch News Today
Subscribe for Premium Features