भारतीय तटरक्षक बल ने केरल तट पर संभावित पारिस्थितिकीय संकट को लेकर चिंता व्यक्त की है, क्योंकि लाइबेरियाई जहाज से तेल का रिसाव हो रहा है और उसमें कैल्शियम कार्बाइड जैसे खतरनाक रसायन मौजूद हैं।
- कैल्शियम कार्बाइड एक विषैला रसायन है जो समुद्री जल के साथ तीव्र प्रतिक्रिया करके अत्यधिक ज्वलनशील एसिटिलीन गैस बनाता है।
तेल रिसाव (Oil spill) क्या है?

- परिभाषा: तेल रिसाव वह स्थिति है जब मानवीय गतिविधियों के परिणामस्वरूप तरल पेट्रोलियम हाइड्रोकार्बन समुद्री या अन्य प्राकृतिक परिवेश में फैल जाते हैं।
- स्रोत: टैंकर, अपतटीय प्लेटफॉर्म्स, ड्रिलिंग रिग या तेल कुएँ आदि से कच्चे तेल, डीजल, पेट्रोलियम का रिसाव, आदि।
- प्रभाव:
- तेल से शैवाल विषाक्त हो जाते हैं, जिससे खाद्य श्रृंखला बाधित होती है और झींगा/ क्रस्टेशियन की संख्या कम हो जाती है।
- मत्स्य पालन पर आश्रित घरों की आजीविका खतरे में पड़ जाती है। इसके अलावा, व्यावसायिक रूप से महत्वपूर्ण मछलियां प्रदूषण के कारण खाने योग्य नहीं रह जातीं।
- मछली के लार्वा और समुद्री सतह के निकट तैरने वाले जीव प्रभावित होते हैं।
- टार के कण समुद्र के तल पर बसे जीवों, जैसे- सीप और शंख आदि, को नुकसान पहुंचाते हैं।
तेल रिसाव की सफाई के लिए प्रमुख तकनीकें
- बायोरेमेडिएशन: इसमें द एनर्जी एंड रिसोर्सेज इंस्टीट्यूट (TERI) द्वारा विकसित दो प्रमुख विधियां- आयलजैपर और ऑयलिवोरस-एस शामिल है। इनके तहत हानिकारक हाइड्रोकार्बन को हानिरहित कार्बन डाइऑक्साइड और जल में बदलने के लिए बैक्टीरिया का उपयोग किया जाता है।
- सोरबेंट्स: इसका प्रमुख उदाहरण मिल्कवीड पौधे के रेशे हैं, जो आमतौर पर राजस्थान में पाए जाते हैं। इस पौधे का इस्तेमाल सोरबेंट सामग्री के रूप में किया जाता है।
- ऑयल बूम: ऑयल बूम को ऐसे डिज़ाइन किया जाता है कि वे तेल को एक जगह पर घेर सकें और उसे फैलने से रोक सकें। ये दिखने में लम्बी, तैरती हुई बाड़ जैसी होती हैं जिनका स्कर्ट (या पानी में तैरने वाली दीवार) पानी के अंदर लटकती है।
- स्किमर्स: ये ऐसी मशीनें होती हैं जो पानी की सतह से तेल को खुरच कर हटाती हैं। वे पहले तेल को एक जगह केंद्रित करती हैं और बाद में उसे कुशलता से स्किम (हटा) कर देती हैं।