भूमिका
हाल ही में अमेरिकी युद्ध विभाग ने वर्गीकृत नेटवर्क के भीतर उन्नत मॉडल तैनात करने के लिए ओपनAI जैसी AI फर्मों के साथ साझेदारी की है। इस समझौते को एंथ्रोपिक (Anthropic) द्वारा भागीदारी से इनकार किए जाने के बाद अंतिम रूप दिया गया, क्योंकि एंथ्रोपिक ने अपने मूल सुरक्षा सिद्धांतों के साथ समझौता (Compromise) होने की चिंता जताई थी। विशेष रूप से, एन्थोप्रिक ने घरेलू स्तर पर व्यापक निगरानी के प्रति अपने कड़े विरोध और स्वायत्त हथियार प्रणालियों में मानवीय जवाबदेही सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता पर बल दिया। भविष्य में ऐसी ही स्थिति भारत में भी उत्पन्न हो सकती है, जहाँ 'डिफेंस AI काउंसिल' और 'डिफेंस AI प्रोजेक्ट एजेंसी' के माध्यम से रक्षा क्षेत्रक में AI के एकीकरण को निजी फर्मों द्वारा संचालित किया जा सकता है।

एंथ्रोपिक द्वारा समर्थित नैतिक मूल्य
- विश्वसनीयता: इस समझौते से इनकार कर कंपनी ने व्यक्तिगत डेटा को संभावित दुरुपयोग से बचाने की प्रतिबद्धता दिखाई, जिससे सार्वजनिक विश्वास सुदृढ़ हुआ।
- साहस: वित्तीय और रणनीतिक नुकसान की संभावना के बावजूद सरकारी दबाव के विरुद्ध अपने सिद्धांतों पर अडिग रहने की इच्छाशक्ति का प्रदर्शन किया।
- अहानिकरता (Non-maleficence): उन अनुप्रयोगों में शामिल न होने का निर्णय, जो मानवाधिकारों के उल्लंघन या तकनीक के दुरुपयोग को बढ़ावा दे सकते हैं।
इस मामले में प्रमुख नैतिक दुविधाएं
- राष्ट्रीय सुरक्षा बनाम नैतिक जिम्मेदारी: क्या फर्मों को राष्ट्रीय हित को प्राथमिकता देनी चाहिए या अपनी नैतिक प्रतिबद्धताओं को?
- एंथ्रोपिक के मामले में, सत्यनिष्ठा की झलक आकर्षक सरकारी अनुबंधों को खोने की कीमत पर भी अपने सिद्धांतों पर अडिग रहने में दिखाई देती है।

- उपयोगितावाद बनाम अधिकार-आधारित नैतिकता: उपयोगितावादी दृष्टिकोण (जेरेमी बेंथम, जॉन स्टुअर्ट मिल) के अनुसार, बहुसंख्यक लोगों की सुरक्षा के लिए रक्षा क्षेत्रक में AI के उपयोग को उचित ठहराया जा सकता है।
- इसके विपरीत, अधिकार-आधारित नैतिकता ऐसे कदमों के प्रति सचेत करती है, क्योंकि इनके दुरुपयोग की आशंका अधिक होती है।
- कर्तव्य बनाम परिणामी नैतिकता: क्या राष्ट्रीय सुरक्षा और व्यापक जनहित के नाम पर व्यक्तियों के डेटा और निजता से समझौता करना कभी उचित हो सकता है?
- अमेरिकी सरकार और ओपनAI ने परिणामवादी दृष्टिकोण अपनाते हुए सुरक्षा परिणामों को प्राथमिकता दी। वहीं एंथ्रोपिक ने कर्तव्यनिष्ठ (Deontological) रुख अपनाकर नैतिक सीमाओं को लांघने से मना कर दिया।
- कॉर्पोरेट स्वायत्तता बनाम राज्य नियंत्रण: क्या निजी फर्मों को यह निर्णय लेने का अधिकार है कि उनकी तकनीकों का उपयोग कैसे किया जाए या फिर उन्हें अनिवार्य रूप से सरकार के आदेशों का पालन करना चाहिए?

- स्वायत्त प्रणालियाँ बनाम जवाबदेही: यदि कोई AI सिस्टम त्रुटि करता है या अंतर्राष्ट्रीय मानवीय कानून का उल्लंघन करता है, तो नैतिक जिम्मेदारी तय करना अत्यंत कठिन हो जाता है। इससे दोष को मशीन पर मढ़ने की गुंजाइश बनी रहती है।
- कई उन्नत AI प्रणालियों में पारदर्शिता और व्याख्यात्मकता का अभाव होता है, जो 'ब्लैक बॉक्स' के रूप में कार्य करती हैं जहाँ उपयोगकर्ता यह समझ नहीं पाते कि मशीन किसी विशिष्ट निष्कर्ष तक कैसे पहुँची। इससे जवाबदेही सुनिश्चित करना असंभव हो जाता है।
- निगरानी उपकरण बनाम स्वतंत्रता: वर्गीकृत नेटवर्क के भीतर उन्नत एआई की तैनाती से व्यक्तियों के व्यवहार और व्यक्तिगत गुणों के व्यापक डेटा के आधार पर बड़े पैमाने पर निगरानी का जोखिम बढ़ जाता है।
निष्कर्ष
यह मामला तकनीकी प्रगति और नैतिक जिम्मेदारी के बीच संतुलन बनाने की तत्काल आवश्यकता को रेखांकित करता है। जैसे-जैसे एआई युद्ध का केंद्र बन रहा है, जवाबदेही, पारदर्शिता और मानवीय निरीक्षण पर आधारित मजबूत ढांचे आवश्यक हैं ताकि राष्ट्रीय सुरक्षा की खोज में मौलिक अधिकारों और मानवीय गरिमा का हनन न हो।
अपनी नैतिक अभिरुचि की जाँच कीजिएआप सशस्त्र बल में एक वरिष्ठ अधिकारी हैं और संघर्ष क्षेत्र में तैनात एआई-सक्षम ड्रोन प्रणाली की निगरानी कर रहे हैं। यह प्रणाली एक घनी आबादी वाले शहरी इलाके में एक प्रमुख वांछित आतंकी (HVT - High Value Target) की पहचान करती है और उस पर तुरंत हमले का सुझाव देती है। हालांकि, वहाँ निर्दोष लोगों के मौजूद होने की आशंका है, और एआई सिस्टम यह स्पष्ट नहीं कर पा रहा है कि उसने इस जोखिम का आकलन किस आधार पर किया है। उपर्युक्त केस स्टडी के आधार पर, निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर दीजिए:
|