'ग्लोबल साइबर सिक्योरिटी आउटलुक 2025' रिपोर्ट जारी की गई | Current Affairs | Vision IAS
News Today Logo

'ग्लोबल साइबर सिक्योरिटी आउटलुक 2025' रिपोर्ट जारी की गई

Posted 16 Jan 2025

12 min read

यह रिपोर्ट विश्व आर्थिक मंच ने एक्सेंचर के साथ मिलकर जारी की है। इस रिपोर्ट में साइबर परिवेश की बढ़ती जटिलता (इन्फोग्राफिक देखें) तथा संगठनों और राष्ट्रों पर इसके व्यापक प्रभावों पर प्रकाश डाला गया है।

  • रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि साइबर अपराध ने वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं को बाधित किया है। इससे 2023 में 12.5 बिलियन डॉलर का नुकसान हुआ है।

साइबर सुरक्षा संबंधी जटिलताओं में वृद्धि के लिए उत्तरदायी कारक-

  • आपूर्ति श्रृंखला की सुभेद्यताएं: आपूर्ति श्रृंखलाओं की बढ़ती जटिलता और सीमित निगरानी के कारण जोखिम उत्पन्न होते हैं। साथ ही, थर्ड-पार्टी द्वारा इंस्टॉल किए गए सॉफ्टवेयर संबंधी खामियां भी हैं, जो पूरे इकोसिस्टम को साइबर हमले के प्रति सुभेद्य बना देती हैं।
  • भू-राजनीतिक तनाव: विभिन्न देशों के बीच संघर्ष एडवांस साइबर रणनीतियों को बढ़ावा देते हैं। इससे ऊर्जा और दूरसंचार जैसी महत्वपूर्ण अवसंरचना पर साइबर हमला होने का खतरा बढ़ जाता है।
  • AI-जनित खतरे: जनरेटिव AI लागत-प्रभावी व स्केलेबल मैलवेयर की अपलोडिंग और उन्नत बहुभाषी सोशल इंजीनियरिंग हमलों को सक्षम बनाता है।
    • बहुभाषी सोशल इंजीनियरिंग हमला: कंप्यूटर सिस्टम पर नियंत्रण प्राप्त करने के लिए लोगों के साथ हेर-फेर करना। 
  • साइबर संबंधी कौशलों की कमी: साइबर सुरक्षा हेतु आवश्यक कौशल प्रसार में अनुमानतः 8% का अंतर है। इसके परिणामस्वरूप, लगभग दो-तिहाई संगठन प्रशिक्षित कर्मियों के अभाव के कारण साइबर खतरों से स्वयं को पर्याप्त रूप से बचाने में असमर्थ हैं।
  • साइबर अपराध और संगठित अपराध का आपस में मिला होना: बढ़ती साइबर धोखाधड़ी ने हिंसक गतिविधियों में शामिल संगठित आपराधिक समूहों को साइबर क्षेत्र में खींच लिया है। इससे साइबर अपराध का पैमाना और सामाजिक प्रभाव काफी बढ़ गया है।
  • जलवायु से जुड़े साइबर जोखिम: विकसित हो रही आधुनिक ऊर्जा प्रणालियों पर निर्भरता के कारण ऊर्जा ग्रिडों को उच्च जोखिम का सामना करना पड़ रहा है।
  • क्वांटम से संबंधित सुभेद्यताएं: क्वांटम कंप्यूटिंग डिजिटल प्रणालियों की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण पब्लिक-की एन्क्रिप्शन को तोड़ने की क्षमता रखती है।   

रिपोर्ट इस बात पर जोर देती है कि साइबर चुनौतियों पर काबू पाने के लिए हमें अपने दृष्टिकोण में बदलाव की जरूरत है। साथ ही, साइबर सुरक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में पहचानना होगा। नेताओं को उभरते खतरों से निपटने के लिए साइबर सुरक्षा को एक रणनीतिक निवेश के रूप में देखना चाहिए।

  • Tags :
  • साइबर सुरक्षा
  • साइबर अपराध
  • संगठित अपराध
  • जनरेटिव AI
Watch News Today
Subscribe for Premium Features