सुर्ख़ियों में क्यों?
यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) ने वर्ष 2026 में अपनी स्थापना के 10 वर्ष पूरे किए हैं। यह वर्ष 2016 में एक नवोदित डिजिटल भुगतान मंच से वर्ष 2026 तक वैश्विक डिजिटल भुगतान क्षेत्र के अग्रणी मंच के रूप में इसकी उल्लेखनीय यात्रा को रेखांकित करता है।
UPI के बारे में
- यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) एक रीयल-टाइम डिजिटल भुगतान प्रणाली है, जो व्यक्तियों एवं व्यापारियों के बीच तत्काल, अंतरसंचालनीय एवं सुरक्षित वित्तीय लेन-देन को सक्षम बनाती है।
- विकसितकर्ता: भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (NPCI)
- कार्यप्रणाली: UPI संस्थागत भागीदारी के आधार पर कार्य करता है, जिसमें प्रत्येक सहभागी बैंक निम्नलिखित भूमिकाएं निभाता है- प्रेषक भुगतान सेवा प्रदाता (Remitter Payment Service Provider - PSP) के रूप में प्रेषक की ओर से भुगतान लेन-देन का निष्पादन करता है। साथ ही लाभार्थी भुगतान सेवा प्रदाता (Beneficiary Payment Service Provider - PSP) भुगतान प्राप्त कर राशि लाभार्थी के खाते में जमा करता है। वहीं, NPCI सभी सहभागी संस्थानों के प्रदर्शन एवं लेन-देन की निगरानी करता है।

- UPI के अन्य संस्करण:
- UPI लाइट: यह डिवाइस-आधारित वॉलेट है, जिसे ₹1,000 तक के कम मूल्य वाले लेन-देन को तीव्र एवं बिना UPI पिन (PIN) के पूरा करने के लिए विकसित किया गया है।
- UPI लाइट एक्स: यह इंटरनेट कनेक्टिविटी के बिना ऑफलाइन भी UPI भुगतान की सुविधा प्रदान करता है तथा UPI LITE की क्षमताओं को और अधिक प्रभावी बनाता है।
- UPI कैश पॉइंट: यह उपयोगकर्ताओं को UPI ऐप के माध्यम से स्थानीय दुकानों एवं बिज़नेस कॉरेस्पॉन्डेंट (BC) केंद्रों से नकद राशि निकालने की सुविधा देता है।
- UPI वन वर्ल्ड: यह UPI-संचालित प्रीपेड भुगतान साधन (PPI) वॉलेट है, जो भारत आने वाले विदेशी नागरिकों तथा अनिवासी भारतीयों (NRIs) को भारत में प्रवास के दौरान UPI आधारित डिजिटल भुगतान करने की सुविधा प्रदान करता है।
भारत में UPI की परिवर्तनकारी भूमिका
- भारत की डिजिटल भुगतान प्रणाली का विस्तार
- लेन-देन की अभूतपूर्व वृद्धि: वित्तीय वर्ष 2016–17 में UPI के माध्यम से 2 करोड़ लेन-देन हुए थे, जो बढ़कर वित्तीय वर्ष 2025–26 में 24,162 करोड़ हो गए। यह लेन-देन की मात्रा में लगभग 12,000 गुना वृद्धि को दर्शाता है।
- डिजिटल भुगतानों का
- व्यापक प्रसार: वर्ष 2025 में प्रतिदिन औसतन लगभग 60 करोड़ UPI लेन-देन संसाधित किए गए, जो भारत में डिजिटल भुगतान के व्यापक उपयोग को दर्शाते हैं।
- व्यापक नेटवर्क: UPI 700 से अधिक बैंकों को एक ही मंच पर जोड़ता है। यह भारत के खुदरा डिजिटल भुगतानों का लगभग 85% हिस्सा संचालित करता है, जिससे यह देश की प्रमुख डिजिटल भुगतान प्रणाली बन गया है।
- जमीनी स्तर पर वित्तीय समावेशन को बढ़ावा
- अर्थव्यवस्था का औपचारीकरण: UPI ने नकद-आधारित भुगतान व्यवस्था को "वन-टैप" QR कोड आधारित भुगतान प्रणाली में परिवर्तित किया है, जिससे छोटे दुकानदार एवं फेरीवाले भी औपचारिक वित्तीय तंत्र का हिस्सा बन गए।
- MSMEs के लिए ऋण सुविधा: UPI के माध्यम से तैयार होने वाले डिजिटल लेन-देन रिकॉर्ड सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों को भौतिक संपार्श्विक के बिना भी औपचारिक संस्थानों से ऋण प्राप्त करने में सहायता करते हैं।
- सूक्ष्म भुगतान: कम मूल्य लेकिन अधिक संख्या वाले लेन-देन ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के बीच आर्थिक अंतर को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
- व्यक्ति-से-व्यक्ति (P2P) भुगतान का व्यापक उपयोग: UPI के व्यक्ति-से-व्यक्ति (P2P) लेन-देन दर्शाते हैं कि इसका व्यापक उपयोग कम मूल्य के धन हस्तांतरण के लिए किया जा रहा है।
- लगभग 59% UPI लेन-देन ₹500 से कम राशि के हैं, जो इसकी व्यापक जनस्वीकृति और दैनिक उपयोगिता को दर्शाते हैं।

- वित्तीय नवाचार एवं फिनटेक को बढ़ावा
- खुली संरचना: UPI ओपन एप्लीकेशन प्रोग्रामिंग इंटरफेस आधारित संरचना पर कार्य करता है, जिससे फोनपे (PhonePe), गूगल पे जैसे तृतीय-पक्ष अनुप्रयोगों को नवीन सेवा विकसित करने तथा तीव्र गति से नवाचार करने का अवसर मिलता है।
- ऋण तक आसान पहुंच: UPI केवल बुनियादी बैंकिंग सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि UPI आईडी से सीधे जुड़े पूर्व-अनुमोदित, त्वरित ऋण की सुविधा प्रदान कर डिजिटल ऋण उपलब्धता को भी सशक्त बनाता है।
- भू-राजनीतिक सॉफ्ट पावर को सुदृढ़ बनाना
- वैश्विक मान्यता: अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने जून 2025 में प्रकाशित खुदरा डिजिटल भुगतानों पर अपनी रिपोर्ट में UPI को लेन-देन की संख्या के आधार पर विश्व की सबसे बड़ी रिटेल त्वरित भुगतान प्रणाली के रूप में मान्यता दी।
- इसके अतिरिक्त, ACI वर्ल्डवाइड की 2024 की रिपोर्ट प्राइम टाइम फॉर रियल टाइम के अनुसार, UPI वैश्विक रीयल-टाइम भुगतान लेन-देन की कुल मात्रा का लगभग 49% हिस्सा संचालित करता है।
- वैश्विक विस्तार: UPI संयुक्त अरब अमीरात (UAE), सिंगापुर, भूटान, नेपाल, श्रीलंका, फ्रांस, मॉरीशस तथा कतर सहित 8 से अधिक देशों में संचालित है। इससे सीमा-पार खुदरा भुगतान, पर्यटन तथा कम लागत वाले व्यापारिक प्रेषण को सुगम बनाया गया है।
- डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर का वैश्विक मॉडल: यह एक सफल लोक-हितकारी मॉडल के रूप में उभरा है। यह विशेष रूप से विकासशील देशों को निजी या राज्य-एकाधिकार आधारित भुगतान नेटवर्कों के स्थान पर कम लागत, समावेशी एवं प्रभावी डिजिटल भुगतान व्यवस्था का व्यवहारिक विकल्प प्रदान करता है।
- वैश्विक मान्यता: अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने जून 2025 में प्रकाशित खुदरा डिजिटल भुगतानों पर अपनी रिपोर्ट में UPI को लेन-देन की संख्या के आधार पर विश्व की सबसे बड़ी रिटेल त्वरित भुगतान प्रणाली के रूप में मान्यता दी।
UPI से संबंधित चुनौतियां
- डेटा सुरक्षा और साइबर खतरे: लेन-देन की अत्यधिक मात्रा के कारण UPI पर फिशिंग, सोशल इंजीनियरिंग और API से जुड़े साइबर हमलों का खतरा बढ़ जाता है। साथ ही, यदि बायोमेट्रिक डेटा चोरी हो जाने पर उससे जुड़े सुरक्षा जोखिमों का प्रभाव स्थायी हो सकता है।
- शून्य MDR से जुड़ी वित्तीय स्थिरता की चुनौती: सामान्य UPI लेन-देन पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) नहीं लिया जाता है। इससे UPI का तेजी से प्रसार हुआ है, लेकिन बैंकों और थर्ड-पार्टी ऐप प्रदाताओं (TPAPs) के लिए आय और वित्तीय स्थिरता की समस्या उत्पन्न हुई है।
- सीमा-पार नियामकीय चुनौतियां: UPI को अन्य देशों में लागू करने के लिए विभिन्न देशों के अलग-अलग कानूनों (जैसे धन शोधन रोकथाम) नियमों का पालन करना पड़ता है।
- बाजार संकेन्द्रण का जोखिम: UPI पारिस्थितिकी तंत्र पर कुछ थर्ड -पार्टी एप्लीकेशन (जैसे PhonePe एवं Google Pay) का अत्यधिक प्रभुत्व है, जिससे प्रतिस्पर्धा प्रभावित हो सकती है।
- क्षेत्रीय असमानताओं की निरंतरता: ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट की कम उपलब्धता और कम डिजिटल साक्षरता के कारण कई लोग अभी भी UPI और डिजिटल भुगतान का पूरा लाभ नहीं उठा पा रहे हैं।
निष्कर्ष:
लेन-देन की मात्रा और वैश्विक विस्तार, दोनों ही दृष्टियों से UPI की उल्लेखनीय प्रगति ने भारत की वित्तीय व्यवस्था में उसके परिवर्तनकारी प्रभाव को सिद्ध किया है। जैसे-जैसे UPI का वैश्विक विस्तार हो रहा है, यह डिजिटल भुगतान के नए मानक स्थापित कर रहा है, नागरिकों को सशक्त बना रहा है, आर्थिक अवसरों का विस्तार कर रहा है तथा वैश्विक वित्तीय क्षेत्र में भारत के बढ़ते प्रभाव को और मजबूत कर रहा है।