संशोधित वर्ल्ड मैग्नेटिक मॉडल के अनुसार, पृथ्वी का चुंबकीय उत्तरी ध्रुव साइबेरिया की ओर स्थानांतरित हो रहा है | Current Affairs | Vision IAS
News Today Logo

    संशोधित वर्ल्ड मैग्नेटिक मॉडल के अनुसार, पृथ्वी का चुंबकीय उत्तरी ध्रुव साइबेरिया की ओर स्थानांतरित हो रहा है

    Posted 27 Jan 2025

    11 min read

    वर्ल्ड मैग्नेटिक मॉडल (WMM) नेविगेशन, दिशा (heading) और स्थिति संदर्भ प्रणालियों के लिए एक स्टैंडर्ड मॉडल है। इन सुविधाओं के लिए यह मॉडल पृथ्वी के भू-चुंबकीय क्षेत्र का उपयोग करता है।

    • इस मॉडल को हर पांच साल में अपडेट किया जाता है, ताकि पृथ्वी के चुंबकीय क्षेत्र में होने वाले परिवर्तनों के साथ इसे व्यवस्थित किया जा सके।
    • इसे संयुक्त राज्य अमेरिका की नेशनल जियोस्पेशियल-इंटेलिजेंस एजेंसी (NGA) और यूनाइटेड किंगडम के डिफेंस जियोग्राफिक सेंटर (DGC) द्वारा तैयार किया जाता है। 

    पृथ्वी के चुंबकीय उत्तरी ध्रुव का स्थानांतरण

    • चुंबकीय उत्तरी ध्रुव (मैग्नेटिक नॉर्थ) वह दिशा है, जिस ओर कम्पास की सुई तब इशारा करती है जब वह पृथ्वी के चुंबकीय क्षेत्र के साथ संरेखित होती है। वहीं भौगोलिक उत्तर (Geographic north) वह स्थान या बिंदु है, जहां उत्तर में देशांतर रेखाएं (मध्याह्न रेखाएं) मिलती हैं।
      • पृथ्वी के अपने अक्ष पर पश्चिम से पूर्व की ओर घूर्णन करने से दो प्राकृतिक संदर्भ बिंदु प्राप्त होते हैं, जो उत्तरी ध्रुव एवं दक्षिणी ध्रुव हैं। 
    • पृथ्वी के चुंबकीय उत्तरी ध्रुव की खोज सबसे पहले 1831 में अन्वेषक जेम्स क्लार्क रॉस ने की थी। तब से, यह धीरे-धीरे स्थानांतरित हो रहा है।
      • बीते 100 वर्षों में, इसका स्थान कनाडा से साइबेरिया (रूस) की ओर स्थानांतरित हुआ है। 2000 के दशक में, यह प्रति वर्ष 31 मील तक खिसकने लगा था, लेकिन पिछले पांच वर्षों में यह गति धीमी हो गई है।   
    • चुंबकीय उत्तरी और दक्षिणी ध्रुवों की स्थिति समय के साथ पृथ्वी के चुंबकीय क्षेत्र में बदलावों के कारण धीरे-धीरे बदलती रहती है।
    • चुंबकीय दिक्पात (Magnetic Declination) समय के साथ किसी स्थान पर बदलता रहता है। चुंबकीय दिक्पात ‘चुंबकीय उत्तरी ध्रुव और ‘भौगोलिक उत्तर’ के बीच का कोण है। 
    • कभी-कभी चुंबकीय ध्रुव पोल रिवर्सल (ध्रुवों का उलट जाना) से गुजरते हैं, यानी चुंबकीय उत्तरी ध्रुव और दक्षिणी ध्रुव परस्पर स्थान बदल लेते हैं।
      • पेलियोमैग्नेटिक रिकॉर्ड्स के अनुसार, पिछले 83 मिलियन वर्षों में पृथ्वी के चुंबकीय ध्रुव 183 बार परस्पर स्थान बदल चुके हैं।
    • संभावित प्रभाव: 
      • नेविगेशन सिस्टम में त्रुटियां उत्पन्न होती हैं;
      • प्रवासी प्रजातियों की उड़ान दिशा में भ्रम उत्पन्न हो सकता है;
      • सौर तूफानों से सैटेलाइट्स और पावर ग्रिड के संचालन में व्यवधान उत्पन्न हो सकते हैं आदि।
    • Tags :
    • वर्ल्ड मैग्नेटिक मॉडल
    • चुंबकीय उत्तरी ध्रुव
    • पृथ्वी का चुंबकीय क्षेत्र
    Watch News Today
    Subscribe for Premium Features